छठ घाट तक जाने वाला मार्ग हुआ जर्जर
महाराजगंज जिले के निचलौल क्षेत्र स्थित सोहगीबरवा छठ घाट तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर तीन पुलियों के पास की स्थिति काफी खराब हो गई है। हाल ही में आई बाढ़ के पानी के कारण इन पुलियों के आसपास की मिट्टी पूरी तरह कटकर बह गई है, जिससे गहरा कटाव पैदा हो गया है। छठ महापर्व के निकट आने के बावजूद मरम्मत कार्य न होने से स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन
शुक्रवार को सोहगीरवां, भोथहा और शिकारपुर गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने एकत्रित होकर क्षतिग्रस्त मार्ग के पास विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में भोला, सिंहासन, सतदेव, सुमन, राजमती, सरिता, शोभा, सोनकेशा, सावित्री और ललिता सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी उतरे हुए एक महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन प्रशासन ने अभी तक सुध नहीं ली है।
दुर्घटना की आशंका और श्रद्धालुओं की परेशानी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि इस जर्जर मार्ग से प्रतिदिन भारी संख्या में लोग गुजरते हैं। छठ पूजा के दौरान घाट पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। ऐसे में यदि पुलियों के पास की मिट्टी की भराई और रास्ते की मरम्मत समय रहते नहीं कराई गई, तो किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के लिए इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।
प्रशासन का आश्वासन
इस पूरे मामले पर निचलौल के एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को मूलभूत और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। एसडीएम के अनुसार, सड़क की समस्या के निराकरण के लिए एक टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित मार्ग पर मरम्मत का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा ताकि छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।