रामकोला के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण
कुशीनगर जिले के रामकोला विकासखंड में गुरुवार को प्रशासनिक सख्ती देखने को मिली। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और खंड विकास अधिकारी मयंक त्रिपाठी ने क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों और सरकारी शिक्षण संस्थानों की जमीनी हकीकत परखने के लिए औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाई है।
परसौना खुर्द और चौरई में मिलीं ये अव्यवस्थाएं
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी सबसे पहले टेकुआटार ग्राम पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय परसौना खुर्द का निरीक्षण किया। वहां के आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति बेहद खराब पाई गई। विद्यालय परिसर में बिजली व्यवस्था नदारद थी, पंखे खराब थे, और खिड़कियों पर जालियां व फाटकों पर ताले तक नहीं लगे थे। सबसे गंभीर बात शौचालय में दरवाजे का न होना और परिसर में वाल पेंटिंग का अभाव पाया गया।
इसके बाद अधिकारियों की टीम ने प्राथमिक विद्यालय चौरई उर्फ अजही का दौरा किया। वहां दिव्यांग छात्रों के लिए बना शौचालय पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिला। विद्यालय में लगा आरओ वाटर फिल्टर भी काम नहीं कर रहा था, और कक्षाओं में पर्याप्त रोशनी की कमी पाई गई। पूरे परिसर में स्वच्छता का अभाव देखकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के सख्त निर्देश जारी किए।
प्रशासन ने दी सुधार की चेतावनी
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी ने साफ तौर पर कहा कि ग्राम पंचायतों में सरकारी योजनाओं और सार्वजनिक सुविधाओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्यालय के प्रधान और प्रशासक को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि सभी कमियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए। निरीक्षण के दौरान एडीओ पंचायत प्रदीप मल्ल, टेकुआटार ग्राम प्रधान राधेश्याम यादव और अंजही के हरेन्द्र यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सफाईकर्मी के कार्य की सराहना
एक ओर जहां शिक्षण संस्थानों में खामियां मिलीं, वहीं गांव में चल रहे कचरा प्रबंधन कार्य को लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने नियमित कूड़ा उठाव करने वाले सफाईकर्मी की कार्यशैली की प्रशंसा की और उसे भविष्य में भी इसी तरह पूरी जिम्मेदारी और मेहनत से काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत भवन सहित अन्य सरकारी भवनों में सुविधाओं का रखरखाव सुनिश्चित करना स्थानीय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।