महाराजगंज में 37वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज
महराजगंज जिले के गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक (जीएसवीएस) इंटर कॉलेज में दो दिवसीय 37वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन 800 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें साधू शरण भारद्वाज इंटर कॉलेज के छात्र करण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
इस रोमांचक दौड़ में मेजबान विद्यालय जीएसवीएस के कपिल देव दूसरे स्थान पर रहे, जबकि आरके इंटर कॉलेज के छात्र आनंद ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। खेल के इस महाकुंभ में जिले भर के स्कूलों के खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया और पदक जीतने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा की।
विधायक और शिक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में खेल का शुभारंभ
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया और विद्यालय के संरक्षक डॉ. बलराम भट्ट द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राम नगीना भारती भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की।
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने उपस्थित सभी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं और ये प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना जगाती हैं। विधायक ने रंग-बिरंगे गुब्बारों का गुच्छा आसमान में उड़ाकर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मार्चपास्ट से गूंजा परिसर
प्रतियोगिता के दौरान खेल गतिविधियों के साथ-साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यालय के बालक-बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत फरुआही नृत्य आकर्षण का केंद्र बना रहा, जबकि प्रिया यादव और प्रिया विश्वकर्मा के झूमड़ नृत्य को दर्शकों ने खूब सराहा।
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता और कौशल का परीक्षण किया गया। इस दौरान जीएसवीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य धनंजय सिंह के नेतृत्व में छात्रों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। विशेष रूप से, पूर्व डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा को सेवानिवृत्ति के अवसर पर छात्रों द्वारा मार्चपास्ट के जरिए भावभीनी सलामी दी गई। इस सम्मान से अभिभूत होकर पूर्व डीआईओएस ने कहा कि महाराजगंज जिले से उन्हें जो स्नेह और सम्मान मिला है, वह उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। दो दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।