नारायणी नदी के तटबंध का स्थलीय निरीक्षण
कुशीनगर जिले के तमकुहीराज क्षेत्र में नारायणी नदी के बढ़ते जलस्तर और एपी तटबंध के क्षतिग्रस्त होने से उपजे बाढ़ के संकट के बीच, मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने गुरुवार को प्रभावित इलाकों का दौरा किया। मंत्री ने चैनपट्टी के ततवा टोले में पहुंचकर टूटे तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों से उन्होंने कटान की स्थिति और बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
युद्धस्तर पर मरम्मत के सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री डॉ. संजय निषाद ने तटबंध पर चल रहे मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तटबंध को मजबूत करने के लिए आवश्यक संसाधनों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और मरम्मत कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त हिस्से को युद्धस्तर पर बंद कराया जाए ताकि आसपास के गांवों में पानी के फैलाव को रोका जा सके और स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके।
बाढ़ पीड़ितों से संवाद और राहत सामग्री का वितरण
तटबंध का जायजा लेने के बाद कैबिनेट मंत्री ने चैनपट्टी ततवा टोले में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों के बीच राहत सामग्री का वितरण करते हुए मंत्री ने कहा, ‘संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी मजबूती से आप लोगों के साथ खड़ी है। आपकी सुरक्षा और जरूरतें हमारी प्राथमिकता हैं।’
प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों की सूची का पुन: सत्यापन किया जाए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति राहत से वंचित न रहे। उन्होंने समय पर पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराने और राशन वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने पर विशेष जोर दिया। इस दौरे के दौरान क्षेत्रीय सांसद शंशाक मणि त्रिपाठी, स्थानीय विधायक डॉ. असीम कुमार, अपर जिला अधिकारी पवन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, तमकुहीराज के उप जिला अधिकारी और क्षेत्राधिकारी जयंत कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अमला उपस्थित रहा।