छात्राओं के लिए शिक्षा की राह होगी आसान
कुशीनगर जिले में समाज कल्याण विभाग द्वारा एससी-एसटी वर्ग की छात्राओं के लिए तीन नए गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। शासन ने इसके लिए 18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है, जिसके तहत प्रत्येक हॉस्टल के निर्माण पर 6 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन हॉस्टलों में एक साथ 100 छात्राओं के रहने की व्यवस्था होगी।
सदर में जमीन चिन्हित, हाटा और कसया में तलाश जारी
परियोजना के तहत पडरौना सदर विधानसभा क्षेत्र में हॉस्टल निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध करा दी गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव के अनुसार, शासन से मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, हाटा और कसया विधानसभा क्षेत्रों में जमीन की उपलब्धता को लेकर संबंधित एसडीएम को पत्र लिखकर जमीन चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का प्रयास और भविष्य की उम्मीद
क्षेत्रीय विधायकों के विशेष प्रयासों से इन हॉस्टलों को मंजूरी मिली है, जिससे ग्रामीण अंचल की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए सुरक्षित आवास मिल सकेगा। अब तक इन क्षेत्रों में एससी-एसटी छात्राओं के लिए कोई सरकारी हॉस्टल सुविधा नहीं थी। जमीन मिलते ही हाटा और कसया में भी निर्माण कार्य में तेजी लाने की कवायद शुरू कर दी जाएगी।