खेत बचाओ अभियान के तहत किसान गोष्ठी
कुशीनगर जिले के हाटा नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर 18, हनुमान नगर पैकौली स्थित बीज गोदाम परिसर में गुरुवार को ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत एक विशेष किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय सभासद विनय प्रताप सिंह ने की, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने भाग लिया।
इस गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक विकास अधिकारी (कृषि) जय कुमार यादव और विशिष्ट अतिथि के तौर पर सहायक विकास अधिकारी (कृषि रक्षा) विष्णु प्रताप सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को खेती की आधुनिक तकनीक, लागत कम करने के उपाय और मिट्टी की उर्वरा शक्ति को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए जागरूक करना था।
कृषि अधिकारियों ने दिए उन्नत खेती के टिप्स
गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जय कुमार यादव ने किसानों को मिट्टी की जांच (Soil Testing) को प्राथमिकता देने की सलाह दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसान मिट्टी की रिपोर्ट के आधार पर ही उर्वरकों का संतुलित उपयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि रसायनों के अत्यधिक प्रयोग से जमीन की उत्पादकता कम हो रही है, जिसे रोकने के लिए जैविक खाद और जैव उर्वरकों का उपयोग समय की मांग है।
सहायक विकास अधिकारी (कृषि रक्षा) विष्णु प्रताप सिंह ने फसलों को कीटों और रोगों से बचाने के लिए तकनीकी सुझाव दिए। उन्होंने किसानों को चेतावनी दी कि किसी भी रोग के लक्षण दिखने पर बिना विशेषज्ञ की सलाह के रसायनों का अंधाधुंध छिड़काव न करें। उन्होंने कहा कि समय पर निगरानी और अनुशंसित दवाओं का सही मात्रा में प्रयोग न केवल उत्पादन बढ़ाता है, बल्कि अनावश्यक खर्च को भी नियंत्रित करता है।
फसल अवशेष प्रबंधन पर दिया जोर
कृषि विभाग के अधिकारियों ने पराली और फसल अवशेषों को जलाने की हानिकारक प्रथा पर विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने किसानों से अपील की कि अवशेषों को जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन करें, ताकि उन्हें खाद के रूप में उपयोग कर खेतों की उर्वरता को बढ़ाया जा सके।
सभासद विनय प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए किसानों का सशक्त होना अनिवार्य है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की गोष्ठियों के निरंतर आयोजन का आश्वासन दिया ताकि किसान नई तकनीकों से अपडेट रह सकें। इस कार्यक्रम में जवाहर सिंह, विनोद यादव, जगदीश प्रसाद, दुर्गेश सिंह, सोनमती देवी, तकनीकी सहायक ज्योति सिंह, बीज गोदाम प्रभारी कुंवर चन्द चौहान सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।