कार्यभार संभालते ही एक्शन में नवागत थाना प्रभारी
कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाने में चंद्रभान सिंह ने नवागत थानाध्यक्ष के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस टीम के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा को लेकर अपनी स्पष्ट प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
महिला सुरक्षा और अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति
थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकताओं की सूची में सबसे ऊपर रखा है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि स्कूल-कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाए ताकि महिलाएं और छात्राएं सुरक्षित महसूस कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला उत्पीड़न या उनके साथ अभद्रता करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी।
फरियादियों के लिए खुली रहेगी पुलिस की चौखट
नवागत थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि थाने पर अपनी फरियाद लेकर आने वाले प्रत्येक नागरिक को सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने अपने मातहतों को निर्देशित किया है कि शिकायतों को अत्यंत गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय के लिए अनावश्यक रूप से थाने का चक्कर नहीं लगाना पड़ना चाहिए। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल ही अपराध को नियंत्रित करने की असली कुंजी है।
गोरखपुर और रामकोला का अनुभव आएगा काम
बता दें कि चंद्रभान सिंह पूर्व में जिले के रामकोला थाना क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इससे पहले वे मुख्यमंत्री शहर गोरखपुर के नामचीन थानों पर भी कार्यरत रहे हैं, जहाँ उन्होंने अपनी कार्यशैली से आमजन का विश्वास हासिल किया है। अपनी इसी अनुभव और कार्यकुशलता के बल पर अब वे तमकुहीराज थाना क्षेत्र में अपराध मुक्त और सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। स्थानीय पुलिस टीम को ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और जवाबदेही के साथ काम करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।