हाटा कोतवाली क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात
कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेलवा सुदामा गांव में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने घर में घुसकर युवती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। मृतका की पहचान रोशनी पुत्री मलहम के रूप में की गई है।
शादी तय होने से नाराज था आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती और आरोपी युवक के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतका की मां ने बताया कि उनके पति सऊदी अरब में कार्यरत हैं। युवती की शादी कहीं और तय हो गई थी, जिसे लेकर आरोपी काफी समय से नाराज चल रहा था। आरोपी युवती पर उसके साथ भागने का दबाव बना रहा था, जिसका युवती ने कड़ा विरोध किया। युवती द्वारा इनकार किए जाने के बाद बौखलाए युवक ने मंगलवार शाम को युवती के घर में घुसकर इस घटना को अंजाम दिया।
परिजनों ने आरोपी को दबोचा, पुलिस बल तैनात
घटना के तुरंत बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। चूंकि मृतका और आरोपी अलग-अलग समुदाय से संबंध रखते हैं, इसलिए स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस की कार्रवाई और स्थिति
सूचना मिलते ही कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा और कसया क्षेत्राधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में कानूनी कार्यवाही जारी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों की पुलिस बल को तैनात किया गया है।